GOPALGANJ: शिक्षा विभाग की अनोखी पहल शिक्षकों को बड़ी राहत देने की संकेत दे रही है। इधर उधर भटकने से अब शिक्षक बच जाएंगे। ऑन द स्पॉट उनके समस्याओं का समाधान होगा। अब बिचौलियों की भी दाल नहीं गलेगी। अपनी समस्याओं को लेकर विभाग के अधिकारियों से शिक्षक सीधे रूबरू होंगे। बतादें कि जिला मुख्यालय में शिक्षा विभाग के कार्यालय स्थित स्थापना शाखा में पिछले बार की भांति शनिवार को शिक्षा दरबार का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान सेवांत लाभ से लेकर शिक्षकों की हर प्रकार की समस्याओं का ऑन द स्पॉट निपटारा किया जाएगा। शिक्षा दरबार में हर हाल में संबंधित अधिकारी व कर्मी मौजूद रहेंगे।

शिक्षा विभाग के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्थापना जमालुद्दीन ने बताया कि हर शनिवार को प्रखंड से लेकर जिला व राज्य स्तर पर शिक्षकों की समस्याओं के समाधान को लेकर विभाग द्वारा शिक्षा दरबार का आयोजन किया जा रहा है। प्रखंड स्तर की समस्याओं से संबंधित शिक्षक बीआरसी भवन में आयोजित शिक्षा दरबार में अधिकारियों को अवगत कराएंगे। वहीं जिला स्तर के समस्याओं का समाधान शिक्षा विभाग के स्थापना शाखा में होगा। यहां समस्याओं का समाधान नहीं होने पर ही शिक्षक अपनी फरियाद लेकर राज्य स्तर पर आयोजित होने वाले शिक्षा दरबार में जा सकेंगे। सीधे राज्य स्तर पर समस्याओं को लेकर जाने वाले शिक्षकों पर कार्रवाई का भी प्रावधान है। पहले प्रखंड फिर जिला व उसके बाद राज्य स्तर पर अपनी समस्याओं के निपटारे के लिए शिक्षक फरियादी अपनी फरियाद लेकर जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि स्थापना शाखा में पांच बजे से छह बजे तक शिक्षक फरियादियों की फरियाद सुनी जाएगी। इस दौरान शिक्षा दरबार में विभाग के सभी लिपिक मौजूद रहेंगे। ताकि जिन समस्याओं का समाधान होने वाला होगा, उसका ऑन द स्पॉट समाधान किया जा सके। उन्होंने बताया कि अपनी समस्याओं को लेकर शिक्षक हर दिन इधर-उधर भटकते रहते हैं। इस वजह से सप्ताह में एक दिन उनके समस्याओं का निपटारा करने के उद्देश्य से शिक्षा दरबार का आयोजन विभाग के पहल पर किया जा रहा है। आगे भी हर शनिवार को शिक्षा दरबार के आयोजन का सिलसिला जारी रहेगा