गोपालगंज: कतालपुर में नदी में डूबने से बच्चे की मौत, मचा कोहराम
महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कटेया गांव निवासी ओमप्रकाश सहनी का पांच वर्षीय पुत्र था मृतक, आसपास के लोगों के सहयोग से शव को नदी से निकाला गया बाहर
बैकुंठपुर: प्रखंड क्षेत्र के कतालपुर गांव में नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि महम्मदपुर थाना क्षेत्र के कटेया गांव निवासी ओमप्रकाश सहनी का पांच वर्षीय पुत्र अमन कुमार मां के साथ अपने मामा हरेेश सहनी के घर कतालपुर गया था। यहां वह खेलते-खेलते गांव से होकर गुजरी घोघारी नदी के तरफ चला गया। पैर फिसलने के कारण वह नदी में डूब गया।
डूबने की घटना को अन्य बच्चों ने देखा तो चिल्लाना शुरू किया। उसके बाद किशोर के परिजन शोर मचाने लगे। आसपास के लोगों ने नदी में घुसकर उसे बाहर निकाला। हालांकि इससे पूर्व ही उसकी मौत हो चुकी थी। उसके बाद मृत किशोर के परिजनों में चीख पुकार मच गई। घटना की सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी गई। इसके बाद बैकुंठपुर थाने की पुलिस द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष धनंजय कुमार राय ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर इस मामले में यूडी कांड दर्ज किया जाएगा। मृतक अपने तीन भाई व एक बहन में सबसे बड़ा था। उसके पिता दिल्ली में रहकर किसी प्लाई फैक्ट्री में मजदूरी करते हैं। घटना के बाद मृतक की मां बार-बार बेहोस हो जा रही थी। रो-रो कर उनका बुरा हाल हो गया है।