गोपालगंज: जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के महम्मदपुर मोड़ के समीप से शुक्रवार की सुबह पेड़ से लटका एक युवक का शव पुलिस ने बरामद किया है। आसपास के लोग युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जता रहे हैं। हालांकि पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। युवक ने आत्महत्या की या उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया। इसका खुलासा पुलिस के जांच के बाद ही हो सकेगा।

बताया जाता है कि महम्मदपुर मोड़ के समीप थाना से करीब सात सौ मीटर की दूरी पर अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका देखा गया। थोड़ी ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास के लोगों ने इसकी सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया। वहीं पुलिस युवक के मौत के कारणों की जांच कर रही है।

हालांकि शव की स्थिति को देखकर यह स्पष्ट है, कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए स्थानीय थाने की पुलिस ने तहकीकात शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का सही पता लग पायेगा। हत्या है या आत्महत्या सभी विन्दुओं पर जांच की जा रही है। इस कांड के जांच में टेक्निकल सेल की भी मदद ली जा रही है। युवक के शव की पहचान अबतक नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए थाना परिसर में रखा जाएगा।