Morning Bihar
News articles published in Bihar

गोपालगंज: जनसंवाद कार्यक्रम में डीएम बोले- दियारा इलाके का होगा तेजी से विकास

कार्यक्रम में अधिकारियों ने योजनाओं से संबंधित जानकारी किया साझा

0 1,235

- sponsored -

- sponsored -

गोपालगंज: जिले अंतर्गत बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र में स्थित गंडक नदी के दियारा क्षेत्र का अब तेजी से विकास होगा। सरकार की ओर से यहां सड़क, पुल, ओपी थाना सहित कई सुविधा मुहैया कराने के दिशा में कार्य चल रहा है। सरकार द्वारा संचालित योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रशासनिक अधिकारी हर संभव प्रयासरत हैं। इलाके के लोगों को शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार, बिजली, आवास सहित कई सुविधा मुहैया कराई जा रही है। यह बातें बुधवार को उसरी बाजार के समीप आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कही। इससे पूर्व दीप प्रज्वलित कर डीएम समेत कई अधिकारियों ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद बारी-बारी से सभी विभागों के पदाधिकारियों ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों के बीच साझा किया। समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि पटना जाने वाली स्टेट हाईवे 90 को अब फोरलेन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल दरियापुर रेल फैक्ट्री तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। गंडक नदी के बगल में बनाये गए तटबंधों की मजबूती को लेकर पक्कीकरण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इससे बाढ़ की समस्या का स्थाई तौर पर समाधान हो जाएगा। इसके साथ ही लोगों को वैकल्पिक मार्ग भी मिल जाएगा।उन्होंने कहा कि बंगराघाट के समीप इसी माह ओपी थाना का शुभारंभ कर दिया जाएगा। इससे अपराध नियंत्रण से लेकर दियारा इलाके में वास करने वाले लोगों के समस्याओं का आसानी से समाधान हो जाएगा। ओपी थाना खुलने से लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी। सत्तरघाट में आठ सौ मीटर लंबे पुल का निर्माण गंडक नदी पर जलप्रवाह के लिए अंतिम चरण में चल रहा है। डुमरियाघाट में स्थित पुराने पुल की मरम्मत पूरी हो चुकी है। इससे आवागमन में लोगों को सुविधा हो रही है। अर्धनिर्मित नए पुल का निर्माण भी एक वर्ष के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।

सत्तरघाट से होकर गुजरेगी राम जानकी पथ, मिलेंगे रोजगार के अवसर

बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र के सत्तरघाट पुल से होकर राम जानकी पथ गुजरेगी। इससे रोजगार के अवसर मिलेंगे। अयोध्या से सीतामढ़ी तक राम जानकी पथ का निर्माण कराया जा रहा है। डीएम ने कहा कि प्रखंड क्षेत्र के बांसघाट मसूरियां में एडिशनल पीएचसी खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रखंड मुख्यालय में जीविका बनकर का निर्माण हो गया है। प्रखंड परिसर में पार्क का निर्माण कराया जाएगा। पॉलिटेक्निक कॉलेज में हॉस्टल, पार्क सहित अन्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। बैकुंठपुर में जीएनएम स्कूल, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई कॉलेज सहित अन्य संस्था संचालित है।

चमनपुरा में होगा पावर ग्रिड का निर्माण, लोगों को 22 घंटे से अधिक मिलने लगेगी बिजली 

- sponsored -

- sponsored -

जिला मुख्यालय से 45 किलोमीटर दूर बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र के चमनपुरा में पावर ग्रिड का निर्माण कराया जाएगा। यह क्षेत्र के लिए तीसरा पावर ग्रिड होगा। इसका निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है। यहां पावर ग्रिड बनने के बाद लोगों को 22 घंटे से अधिक बिजली की सुविधा मिलेगी। किसानों को सिंचाई के लिए अलग-अलग इलाकों में कृषि फीडर का निर्माण भी कराया जाएगा।‌ ताकि सिंचाई की समस्या दूर हो सके। उप विकास आयुक्त अभिषेक कुमार ने कहा कि बैकुंठपुर में 12 नलकूप लगाए गए हैं। इनमें आधे नलकूप तकनीकी खराबी से बंद पड़े हैं। उन्हें चालू कराने के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि अबतक बैकुंठपुर में 546 लोगों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। अब आंगनबाड़ी केंद्र व सरकारी स्कूलों में शौचालय का निर्माण कराया जा रहा है। यहां अबतक 30 तालाबों का कायाकल्प किया गया है। नहर की सफाई कर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। ग्रामीणों की आवश्यकता के अनुसार स्ट्रीट लाइट लगाने की योजना पर भी काम चल रहा है।

पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होगा बैकुंठपुर का डुमरियाघाट

जनसंवाद कार्यक्रम में डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र के डुमरियाघाट को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां निर्मित नारायणी रिवर फ्रंट के समीप एक करोड़ रुपए की लागत से विकास कार्य कराए जाएंगे। यह कार्य आगामी दो माह के भीतर शुरू किया जाएगा। इसके लिए राशि आवंटित हो चुकी है। यहां आने वाले लोगों के लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। अब यह इलाका पर्यटन विभाग के रोड मैप से जुड़ जाएगा।

इन अधिकारियों के उपस्थिति में हुआ जनसंवाद कार्यक्रम का आगाज

बैकुंठपुर में डीएम के जनसंवाद कार्यक्रम में जिला प्रशासन से लेकर स्थानीय प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। एसडीएम डॉ प्रदीप कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता, डीआरडीए के निदेशक, अपर सम्हर्ता, एसडीपीओ प्रांजल कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, भूमि सुधार अपर समाहर्ता, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक, जिला पशुपालन पदाधिकारी के उपस्थिति में कार्यक्रम का आगाज किया गया। स्थानीय पदाधिकारियों में प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, अंचलाधिकारी पंकज कुमार, बीपीआरओ अनवार अहमद, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र राय, बीईओ आशा कुमारी, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार सिंह, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आफताब आलम, बीसीओ बालमुकुंद कुमार, स्थानीय मुखिया डॉ. शशी शेखर प्रसाद समेत कई लोग शामिल रहे।

- sponsored -

- sponsored -

- sponsored -

- sponsored -

Leave A Reply

Your email address will not be published.