गोपालगंज: हमीदपुर में होगा जनसंवाद कार्यक्रम, आम जनता से रूबरू होंगे अधिकारी
अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार दीप प्रज्वलित कर करेंगे कार्यक्रम का शुभारंभ
बैकुंठपुर: प्रखंड क्षेत्र के हमीदपुर पंचायत सरकार भवन पर अनुमंडल स्तरीय जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई है। पंचायत सरकार भवन की साफ-सफाई से लेकर सजावट तक का कार्य अंतिम चरण में है।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। जनसंवाद कार्यक्रम के तहत हमीदपुर पंचायत की उपलब्धि पर चर्चा की जाएगी। साथ ही हमीदपुर पंचायत में शुरू होने वाली जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में ग्रामीणों के बीच जानकारी साझा किया जाएगा। प्रखंड स्तर पर होने वाली विकास कार्यों से संबंधित जानकारी भी ग्रामीणों को दी जाएगी।
कार्यक्रम में अनुमंडल स्तरीय सभी विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सभी विभागों के अधिकारी जन कल्याणकारी योजनाओं पर फोकस करेंगे। प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी अनवार अहमद, अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी रविंद्र कुमार राय सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।