गोपालगंज: सहकारिता सचिव से मिलकर पुर्व विधायक ने धान क्रय में तेजी लाने की उठाई आवाज
अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार से मिलकर गोपालगंज जिले में किसानों के कम धान अधिप्राप्ति पर जताया असंतोष
गोपालगंज: जदयू के प्रदेश प्रवक्ता व बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मंजीत कुमार सिंह ने शुक्रवार को सहकारिता विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार से मिलकर गोपालगंज जिले में किसानों के कम धान अधिप्राप्ति पर असंतोष जताया है। उन्होंने धान क्रय में तेजी लाने एवं किसानों को जागरूक करने के लिए पत्र के माध्यम से आग्रह किया है। पूर्व विधायक ने अपर मुख्य सचिव को पत्र के माध्यम से अवगत कराते हुए कहा कि राज्य सरकार के निर्देश पर गोपालगंज जिले में जो धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उसके अनुपात में महज दो प्रतिशत प्राप्त किया गया है।
यह जिले के किसानों के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि किसानों के धान खरीद की ईकाई पंचायत स्तर पर पैक्स के रूप में आवंटित किया गया है। उनको किसी भी राईस मिल से टैग नहीं किया गया है। जिन पंचायतों में धान क्रय के लिए पैक्स सक्रिय नहीं है। उस पंचायत को बगल के पैक्स से संबद्ध नहीं किया गया है। जिससे किसान बिचौलियों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के बदले औने-पौने दाम में धान बेचने को विवश हैं। पुर्व विधायक ने कहा कि गोपालगंज जिले में किसानों के धान क्रय के लिए जो क्रय केंद्र खोला गया है। वहां किसानों के धान में अधिक नमी बताकर उन्हें बैरंग लौटा दिया जा रहा है।
विभाग की ओर से क्रय केंद्रों एवं पैक्सों से राइस मिल को टैग नहीं किया जाता है तो जिले में धान क्रय लक्ष्य की पूर्ति नहीं होगी। पैक्स क्रय केंद्रों की मनमानी का खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने सहकारिता विभाग के अपर मुख्य सचिव से मामले में अग्रेत्तर कारवाई व किसानों को न्याय दिलाने का आग्रह किया है। इसपर अपर मुख्य सचिव ने पूर्व विधायक के मांग पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है।