गोपालगंज: बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी की कोर कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को महम्मदपुर स्थित एक होटल में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता रामकृपाल यादव ने कार्यकर्ताओं को संगठन सुदृढ़ करने का “गुरु मंत्र” दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका संगठन है। संगठन मजबूत होगा तो हर चुनाव हमारी मुट्ठी में होगा। हमें केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुँचाना है और हर बूथ को विजय का आधार बनाना है।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस अवसर पर पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बैकुंठपुर भाजपा का गढ़ है और कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा जनता के आशीर्वाद से पार्टी यहां फिर से जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को जनता की नब्ज पहचानने और स्थानीय मुद्दों पर मजबूती से काम करने का आह्वान किया।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष विनय यादव, शुभनारायण सिंह, मदन राम, शिवबालक कुशवाहा, तेजेश्वर मिश्रा, रामनरेश सिंह सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष और पूर्व मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। सभी नेताओं ने संकल्प लिया कि आने वाले चुनाव में बैकुंठपुर से भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।