गोपालगंज: दिघवां गांव में पानी भरे पोखर से महिला का शव बरामद, हड़कंप
पोखर के पास उमड़ी लोगों की भीड़, आसपास के लोगों ने दी पुलिस को सूचना, घटना के बाद तरह-तरह की हो रही चर्चाएं
गोपालगंज: जिले अंतर्गत बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के दिघवां गांव स्थित पानी से भरे पोखर से पुलिस ने एक 22 वर्षीय महिला का शव बरामद किया है। महिला की डूबने से मौत होने की चर्चा है। बताया जाता है कि दिघवां गांव स्थित पोखर में ग्रामीणों ने एक महिला का शव देखा। पोखर के पास लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। धीरे-धीरे यह खबर पूरे इलाके में फैल गई। आसपास के लोगों घटना की सूचना स्थानीय थाने की पुलिस को दी।
उसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। गुरुवार की शाम महिला का शव पोखर से बाहर निकाला गया। मृत महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी है। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार राय ने बताया कि पोखर में डूबने से महिला की मौत होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव में पहुंची। वहां से शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेजा गया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृत महिला आसपास के गांव की हो सकती है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में डूबने से हुई। यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
वैसे शव मिलने के बाद महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव थाना परिसर में पहचान के लिए रखा जाएगा। उधर पोखर से शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप है। लोगों द्वारा तरह-तरह की चर्चाएं की जा रही है। गांव के पोखर में महिला का शव मिलने के बाद लोग भयभीत हैं। पुलिस कई बिंदुओं पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।