गोपालगंज: गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर अधिकारियों ने किया कटाव स्थल का निरीक्षण
बुधवार को बाल्मिकी नगर बैराज से एक लाख सोलह हजार क्यूसेक छोड़ा गया था पानी, फिलहाल स्थिति सामान्य, निरीक्षण के दौरान डीएम ने दिए आवश्यक निर्देश
GOPALGANJ: जिले में संभावित बाढ़ व गंडक नदी के बढ़ते जल स्तर को लेकर अधिकारियों ने कटाव स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए। बताया जाता है कि बुधवार को बाल्मिकी नगर बैराज से एक लाख सोलह हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। इसकी सूचना पर बैकुंठपुर प्रखंड के टंण्डसपुर छरकी एवं डुमरिया घाट का जिला पदाधिकारी गोपालगंज मो. मकसूद आलम, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, आपदा विभाग के अपर समाहर्ता सादुल हसन, अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार, बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रमोद कुमार, वरीय उप समाहर्ता सह विशेष कार्यपदाधिकारी मंकेश्वर कुमार आदि ने निरीक्षण किया।
इस दौरान सभी संवेदनशील व संम्भावित कटाव स्थलों एवं जल स्तर का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। वहीं बाढ़ नियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जिला पदाधिकारी को बताया कि फिलहाल जल स्तर व बहाव का दबाव सामान्य स्तर पर है। गंडक नदी के बहाव के लिए सिल्ट हटाने एवं अन्य एप्रोच निर्माण आदि पुर्व की तैयारियों के कारण टंण्डसपुर छरकी पर दबाव कम हुआ है। वहीं बाल्मिकी नगर बैराज से छोड़े गये पानी से कोई समस्या नहीं है। जिला पदाधिकारी ने संभावित बाढ़ से बचाव से संबंधित पूर्व तैयारियों का भी अवलोकन करते हुए आवश्यक निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान बाढ़ नियंत्रण विभाग के सहायक अभियंता, बैकुंठपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।