गोपालगंज: जिले अंतर्गत मांझागढ़ थाना क्षेत्र के पथरा गांव के समीप न 27 पर हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद माहौल गमगीन हो गया। बताया जाता है, कि बुधवार की सुबह पथरा गांव के समीप खेतों के तरफ जा रहे तीन लोगों को अनियंत्रित ट्रक ने कुचल दिया। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच पाते तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। वहीं एक घायल महिला को आनन-फानन में गोपालगंज स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यहां इलाज के दौरान घायल महिला ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में पथरा गांव निवासी लक्ष्मी मांझी की पत्नी सावित्री देवी, मनबोध मांझी की पत्नी प्रमिला देवी एवं झझवां गांव निवासी दिनानाथ ठाकुर शामिल हैं। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार सावित्री देवी एवं दिनानाथ ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि प्रमिला देवी को घायलावस्था में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
घटना की सूचना आसपास के लोगों ने स्थानीय थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातमी माहौल हो गया। स्वजन के चीत्कार से उपस्थित लोगों की भी आंखें नम हो गई। उधर घटना के बाद ट्रक चालक ने मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। पुलिस सवजन के बयान पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी कर मामले की छानबीन कर रही है।