गोपालगंज: जिले अंतर्गत बैकुंठपुर प्रखंड क्षेत्र के हमीदपुर गांव में आयोजित दो दिवसीय अष्टयाम यज्ञ के समापन पर शनिवार को राम विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलाकारों ने राम विवाह की संगीतमय नाट्य प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। एक से बढ़कर एक गीत गजल को प्रस्तुत कर कलाकारों ने राम विवाह कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बताया जाता है कि दो दिवसीय अष्टयाम के समापन पर ग्रामीणों ने रामविवाह के लिए ब्यास संतोष सिंह एवं मनोज शर्मा का कार्यक्रम तय किया था। कार्यक्रम के दौरान गीत संगीत से सुरों का समा बांधने के साथ ही सीता राम का विवाह कराया।
इसके लिए बच्चों को राम व सीता समेत अन्य किरदार निभाने के लिए तैयार किया था। इस राम विवाह कार्यक्रम को देख लोग भाव विभोर हो उठे। श्रीराम जानकी के विवाह के दौरान राजा जनक ने देवी सीता का कन्यादान किया। वहीं राम और सीता के फेरे की रीत भी अष्टयाम के मंडप का फेरा लगवाकर पूरा किया गया। इस दौरान देवी सीता को जनकपुर से विदा भी किया गया, तो दर्शकों की आंखें नम हो गई। इससे पूर्व शाम के समय झांकी भी निकाली गई थी। इसके बाद यज्ञ स्थल पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। मौके पर शंभूनाथ सिंह, सोनू सिंह, दिनेश सिंह, उपेंद्र दुबे, द्विजेन्द्र तिवारी, नीरज सिंह, उमेश सिंह, प्रकाश सिंह, मनोज सिंह सहित कई लोग उपस्थित रहे।