गोपालगंज: जिले अंतर्गत बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के बसहां गांव के समीप स्टेट हाईवे 90 पर गुरुवार की सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला धूप साह की 65 वर्षीया पत्नी गिरिजा देवी थी। घटना के संबंध में बताया गया कि गिरिजा देवी सुबह में सड़क के किनारे टहल रही थी। इसी बीच विपरीत दिशा से आ रही अनियंत्रित वाहन ने उन्हें रौंद डाला।
जब तक स्थानीय लोग महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की कोशिश कर पाते। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बसहां गांव पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया। लेकिन स्वजन ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। स्वजन ने पुलिस को लिखित आवेदन भी दिया कि वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते हैं।
उसके बाद घटनास्थल से पुलिस थाना लौट आई। थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं होने की स्थिति में किसी तरह का मामला दर्ज नहीं किया गया है। उधर महिला की मौत के बाद स्वजन में कोहराम मच गया है। गिरिजा देवी के पुत्र रामलखन साह, राधेश्याम साह सहित अन्य स्वजन अचानक हुई दुर्घटना से बिलख रहे थे। स्थानीय लोग मृत महिला के स्वजन को सांत्वना दे रहे थे।